नासिक :- महाराष्ट्र के नासिक में एक प्राइवेट अस्पताल के वार्ड बॉय ने एक महिला डॉक्टर पर हमला कर दिया। हमले के बाद डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गई। इस मामले में वार्डबॉय अनिकेत डोंगरे को गंगापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामूली विवाद के चलते अनिकेत ने इस घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने डॉक्टर पर हमले के लिए सर्जरी वाली कैंची का इस्तेमाल किया। घटना अस्पताल के CCTV में कैद हो गई। घटना पिछले रविवार रात गंगापुर रोड स्थित निम्स अस्पताल की है। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी है।
बता दें कि नासिक में दो हफ्ते के भीतर डॉक्टर पर हमले की ये दूसरी घटना है। इससे पहले 14 दिसंबर को आई स्पेशलिस्ट प्राची पवार पर कुछ अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला किया था। जिसमें वो बुरी तरह घायल हो गई थी। प्राची दिवंगत NCP नेता वसंत पवार की बेटी हैं। अनिकेत पिछले कुछ महीनों से निम्स अस्पताल में काम कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, आरोपी की अस्पताल की एक नर्स के साथ संबंध भी थे। महिला डॉक्टर किसी वजह से उस नर्स से नाराज चल रही थी। DCP नासिक, किरण कुमार चव्हाण ने बताया कि अनिकेत कई दिनों से उस महिला डॉक्टर पर कई दिनों से नजर रख रहा था। उसने गुस्से में आकर महिला डॉक्टर पर सर्जरी वाली कैंची से हमला किया। डॉक्टर की गर्दन के दाहिने हिस्से और पेट के दाहिने हिस्से में चोट आई है। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर की हालत स्थिर है।