वडनगर :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा का शुक्रवार 100 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने अहमदाबाद के यूएन मेहता हॉस्पिटल में सुबह साढ़े तीन बजे अंतिम सांस ली। सीने में तकलीफ के चलत उन्हें मंगलवार की रात अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सुबह करीब साढ़े 9 बजे गांधीनगर के रायसन में पीएम मोदी ने अपने चारों भाईयों के साथ उन्हें मुखाग्नि दी।
हीराबा का मूल घर मेहसाणा जिले के वडनगर में है। वें यहां 70 साल की उम्र तक रहीं। इसके बाद छोटे बेटे पंकज मोदी के गांधीनगर स्थित घर में शिफ्ट हो गई थीं। हीराबा के निधन पर पूरा वडनगर में शोक का माहौल है। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखी हैं।

PMO ने ट्वीट कर जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतिम संस्कार के बाद अपने सभी तय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बंगाल में अहम प्रोजेक्ट भी लॉन्च करेंगे। पहले प्रधानंमत्री को बंगाल जाना था। यहां स्वच्छ गंगा मिशन के प्रोजेक्ट के उद्घाटन के दौरान बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के सीएम नीतीश कुमार के अलावा उत्तराखंड और झारखंड के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।
PM मोदी ने ट्वीट कर हीराबा के निधन की जानकारी दी। शुक्रवार की सुबह 6 बजकर 2 मिनट पर उन्होंने लिखा- शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम। मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।
मोदी ने आगे लिखा- मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से। हीराबा ने जून में ही अपना 99वां जन्मदिन मनाया था। प्रधानमंत्री मोदी उस समय उनसे मिलने आए थे। उस दौरान PM ने हीराबा के पैर धोकर पानी अपनी आंखों से लगाया था।