रोहतक\चंडीगढ़ :- हरियाणा विधानसभा में मुख्यमंत्री, पक्ष और विपक्ष के विधायकों को बेरोजगारों की बारात का न्योता देने गए आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद को चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान चंडीगढ़ में जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा भी चला। नवीन जयहिंद को गिरफ्तार करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस का अमला पहुंचा और उन्हें पकड़ कर ले गया। नवीन जयहिंद ने कहा कि वे शांतिपूर्वक ढंग से मुख्यमंत्री व सभी विधायकों को रोहतक में होने वाले बेरोजगारों की बारात कार्यक्रम का न्योता देने के लिए आए। उनका मकसद है कि वे विधानसभा में जाकर युवाओं सहित विभिन्न वर्गों की मांगों को लेकर होने वाले कार्यक्रम का न्योता दें। उन्होंने कहा कि वे न्योता देने अकेले आए हैं, लेकिन पुलिस ने विधानसभा तक नहीं जाने दिया।