नागपुर :- महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार जल्दी ही किया जाएगा, यह कब होगा इस बारे में फैसला मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे लेंगे। डिप्टी सीएम और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और बीजेपी आने वाले सभी चुनाव साथ लड़ेंगे। इस बारे में रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ दिल्ली में बैठक के दौरान चर्चा हुई थी।
बता दें कि 4 जून की रात 2 बजे दिल्ली में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अमित शाह से मुलाकात की थी। सीएम शिंदे ने ट्विटर पर इससे जुड़ी तस्वीरें भी शेयर की थीं।शिंदे सरकार जून 2022 में सत्ता में आई थी। इसके बाद नौ अगस्त को शिंदे-फडणवीस सरकार में 18 मंत्रियों को शामिल किया गया था। नियमों के अनुसार राज्य के मंत्रिमंडल में अधिकतम 43 सदस्य हो सकते हैं। तब शिंदे या फडणवीस किसी ने भी नहीं बताया था कि मंत्रिमंडल विस्तार कब होगा।